माहौल खराब करने वालों की नहीं होगी खैर

पीस कमेटी की बैठक में डीएम एसपी ने दो टूक में दी हिदायत

त्यौहार के दृष्टिगत अफवाह फैलाई जाने वालों पर भी रखी जाएगी नजर

यूपी न्यूज टाइम्स। जरूरत से अधिक ताजिया की ऊंचाई नहीं होनी चाहिए। त्योहार के दौरान सामान्य ढंग से डीजे बजाये। उपरोक्त निर्देश आयोजित पीस कमेटी की बैठक के दौरान डीएम,एसपी ने दिए।
जनपद में आगामी मोहर्रम एवं कांवड़ यात्रा के अवसर पर जिले में कानून-व्यवस्था एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से आज महर्षि देव कलेक्टरेट सभागार में जनपद स्तरीय शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी जे. रीभा द्वारा की गई। त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन हेतु पूर्व से ही पुख्ता तैयारी सुनिश्चित की जाए। ताजिया की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो, और डीजे पर केवल धार्मिक भजन/संगीत का ही प्रयोग हो। अधिकारीगण अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। विभिन्न समुदायों के बीच समन्वय एवं संवाद बनाए रखने हेतु अधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएं। पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी प्रमुख सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए। जल संस्थान को कहा गया कि पेयजल व्यवस्था का सुदृढ़ प्रबंध करें। नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि सभी खराब स्ट्रीट लाइट्स को बदला जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि पर्याप्त जगहों पर एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई जाए। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने कहा कि जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। कोई भी कार्य गैर-पारंपरिक या विवादित तरीके से न किया जाए। आयोजकों को चेताया गया कि किसी भी प्रकार की अराजकता या लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी। नशे की स्थिति में कोई भी व्यक्ति किसी धार्मिक आयोजन में शामिल न हो। समस्याओं का समाधान प्रशासनिक मंचों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा। जिले के बाहर के डीजे की अनुमति नहीं होगी, सभी बॉर्डर पर बैरियर लगाए जाएंगे। कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित मांस/मछली की दुकानों को ढककर एवं पंजीकृत व्यापारियों तक सीमित रखा जाएगा। खुले में मांस विक्रय पर प्रतिबंध रहेगा। सदस्यों द्वारा उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर प्रशासन द्वारा गंभीरतापूर्वक विचार किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, और सभी उपस्थितजनों ने जनपद में शांति एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने हेतु प्रशासन को अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (राजस्व) राजेश कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह, नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला, समस्त उप जिलाधिकारीगण, पुलिस उपाधीक्षकगण, थानाध्यक्ष, नगर निकायों के प्रतिनिधि, धर्मगुरु, समाजसेवी, शोभाराम कश्यप, अमित सेठ भोलू, शादी उजमा, शीबू, वीरेंद्र, रामबाबू सोनी एवं शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!