शपथ दिलाने के साथ ब्रह्मकुमारियों ने अधिकारी तथा कर्मचारियों को सही रास्ते में चलने के लिए किया प्रेरित
UP TIMES NEWS- ब्रह्मकुमारियों के द्वारा बांदा में गुरुवार को अनोखी पहल की गई। ब्रह्मकुमारी महिलाओं के द्वारा अधिकारी तथा कर्मचारियों को रक्षा सूत्र बांधकर बुरी आदतें त्यागने की शपथ दिलाई। इसके साथ ही उनके द्वारा सही रास्ते में चलने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत नगर पालिका परिषद, बांदा में 5 से 9 अगस्त 2025 तक चल रहे बंधन स्वच्छता कार्यक्रम की कड़ी में 7 अगस्त को विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने नगर पालिका परिषद सभागार में मौजूद सफाई मित्रों व कर्मचारियों को रक्षा सूत्र बांधकर बुरी आदतों को त्यागने की शपथ दिलाई कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी अधिकारी श्रीचन्द ने की। उन्होंने ब्रह्माकुमारी आश्रम से पधारी गीता दीदी, शालिनी दीदी सहित समस्त बहनों और भाइयों का अभिनंदन किया तथा रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। ब्रह्माकुमारी बहनों ने अपने प्रेरणादायी वक्तव्य में आश्रम के उद्देश्यों और जनहित में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आत्मा की पहचान उसके कर्म, विचार और संस्कारों से होती है। कार्यक्रम के अंत में सभी बहनों ने अधिशासी अधिकारी सहित सभी उपस्थित कर्मचारियों को तिलक कर रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाई। इसके साथ ही पालिका द्वारा सभी बहनों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में डीपीएम एसबीएम-नगरीय अभिषेक खरे, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक हेमन्त प्रसाद, आईटीसी सुनहरा कल के रोहित, समस्त सफाई मित्र एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर राहुल जैन द्वारा किया गया।
