आग लगने पहले सुरक्षा कर्मियों ने महिला को दबोचा
हरदोई पुलिस पर लगाया सुनवाई न करने का आरोप
UP TIMES NEWS- मकान दिलाने के नाम पर 60 लाख की ठगी का शिकार हुई हरदोई की महिला ने मुख्यमंत्री आवास के पास आत्महत्या का प्रयास किया। आग लगने से पहले सुरक्षा कर्मियों ने महिला को दबोच लिया।
राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह गौतमपल्ली थाना क्षेत्र स्थित सीएम आवास के पास महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। उनके पास से एक थैले में मिट्टी का तेल भरी शीशी मिली है। उन्होंने शीशी निकाली और तेल अपने पर उड़ेल लिया। माचिस से आग लगा पाती इससे पहले वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस उन्हें अपने साथ थाने ले गई है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
महिला ने बताया कि उनका नाम रोली देवी है। वह हरदोई के पिहानी की रहने वाली हैं। हरदोई के ही विक्की मिश्रा ने उन्हें लखनऊ में मकान दिलाने का झांसा दिया और उनसे 60 लाख रुपये ले लिए। उन्होंने जीवन भर की पूंजी मकान के लिए दे दी। लेकिन, उन्हें न तो मकान मिला, न ही आरोपी रकम लौटा रहा है। जिससे वह परेशान है। शिकायत करने के बाद भी उसकी समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
पुलिस पर लगाया सुनवाई में करने का आरोप
पीड़ित महिला ने बताया कि पहले तो विक्की ने रकम लौटाने की बात कही थी, मगर बाद में वह धमकाने लगा। इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से की। लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। आजिज आकर वह आत्महत्या करने लखनऊ पहुंची थीं। इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि हरदोई पुलिस को मामले की जानकारी दी गई है।