गोरखपुर-दोश्त ने किया भरोसे का कत्ल,भाई ने ले ली बहन की जान

मामला के घर छोड़ने के बहाने नाले में डुबोकर की हत्या

UP TIMES NEWS- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के कैंपियरगंज में घर की इज्जत के नाम पर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। कैंपियरगंज इलाके में सोमवार को 18 वर्षीय युवती की हत्या उसके सगे भाई ने ही कर दी। मामा के घर छोड़ने का झांसा देकर वह बाइक से बहन को ले गया और रास्ते में एक नाले की पुलिया पर पानी में डुबोकर मार डाला।
गोरखपुर के कैंपियरगंज इलाके में 18 वर्षीय युवती की हत्या की पटकथा रविवार रात घर के अंदर ही लिखी जा चुकी थी। दोस्त पर भरोसा फिर उसकी दगाबाजी और बहन की उसके साथ रहने की जिद ने आरोपी को गुस्से से भर दिया फिर वह हुआ जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। बहन की जान चली गई और आरोपी भाई अब सलाखों के पीछे है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह तीन साल से पेंट-पॉलिश का काम करता है। उसके साथ महराजगंज का एक युवक भी काम करता था। दोनों में दोस्ती हुई। दोस्त पर भरोसा जताया तो वह उसके गांव भी आने-जाने लगा। आरोपी की बहन तब इंटर की छात्रा थी। दोस्त के आने-जाने के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। परिवार को इस रिश्ते का अहसास तब हुआ जब बहन और दोस्त के मोबाइल चैट्स और कॉल डिटेल सामने आईं। आरोपी को यह बात बर्दाश्त नहीं हुई। उसने दोस्त को घर आने से मना किया, लेकिन दोनों का रिश्ता छिपकर जारी रहा। आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले बहन ने घरवालों के खिलाफ जाकर उसके दोस्त के साथ मंदिर में शादी कर ली थी। जानकारी के बाद परिवार के लोग भी शादी के लिए राजी हो गए थे, लेकिन कुछ दिन बाद दोस्त ने उसे अपनाने से इन्कार कर दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोस्त ने बहन से शादी का वादा किया था पर जब परिवार को पता चला तो उसने रिश्ता तोड़ लिया। इसके बाद बहन अक्सर फोन पर युवक से बात करती और साथ रहने की जिद करती थी। जब वह नहीं मानता तो घर में झगड़ा होता था। पिछले कुछ महीनों से घर का माहौल बिगड़ चुका था। आरोपी को डर था कि बहन के प्रेम प्रसंग से समाज में बदनामी होगी। मां बीच-बचाव करने की कोशिश करतीं, लेकिन बहन अपने फैसले पर अड़ी रहती थी। पड़ोसियों के मुताबिक, रविवार रात भी इसी बात पर घर में झगड़ा हुआ था। बहन घर से निकल गई और देर रात तक लापता रही। सोमवार सुबह जब वह एक चौराहे पर मिली तो आरोपी ने मां से कहा कि वह उसे मामा के घर छोड़ने जा रहा है। मां को लगा कि शायद मामला अब शांत हो गया है, लेकिन यह छोड़ने का बहाना दरअसल आखिरी सफर की शुरुआत थी।
पुलिस प्रेमी से भी करेगी पूछताछ
मां की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उस युवक की भी तलाश में जुटी है जिससे युवती का प्रेम संबंध था। थाना प्रभारी राकेश कुमार रोशन के मुताबिक, युवक से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि कहीं उसने भी अप्रत्यक्ष रूप से इस घटना के लिए आरोपी को उकसाया तो नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *