हॉकी के जादूगर की जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन में न्यायपालिका तथा प्रशासन के बीच खेला गया क्रिकेट मैच
शुरुआती झटके लगने से लड़खड़ाई प्रशासन की टीम
UP TIMES NEWS- पुलिस लाइन में न्यायपालिका तथा प्रशासन के बीच मैत्री मैच खेला गया। शुरुआती झटके लगने से प्रशासनिक टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रशासनिक टीम ने 16 ओवर में केवल 98 रन ही बना सकी। रोमांचक मुकाबले में न्यायपालिका ने प्रशासन को 8 विकेट से शिकस्त देते हुए जीत अपने नाम की। वहीं प्रशासन की तरफ से डीआईजी तथा एसपी सहित एडीएम ने शानदार प्रदर्शन किया।
रविवार को पुलिस लाइन बांदा में राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी जे.रीभा की अध्यक्षता में प्रशासन एवं न्यायपालिका के मध्य मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मैच में न्यायपालिका टीम का नेतृत्व (कप्तान) मुकेश कुमार सिंह (न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय) ने किया। उनके साथ अपर जिला जज (SC/ST) विकास श्रीवास्तव,सेक्रेटरी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पाल सिंह,सिविल जज (सी0डि0) श्रीमती अर्पिता सिंह,अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (रेलवे) दिव्याकान्त सिंह राठौर, अपर सिविल जज शिव शक्ति हर्षवर्धन,सिविल जज (जू0डि0) पवन सिंह तोमर,सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने भाग लिया।वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक टीम का नेतृत्व पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूट धाम परिक्षेत्र (कप्तान) राजेश एस ने किया।

टीम में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल,अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) माया शंकर, अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेन्द्र,नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला,डिप्टी कलेक्टर इरफान उल्ला खां,उप जिलाधिकारी सदर नमन मेहता,उप जिलाधिकारी पैलानी अंकित वर्मा,उप जिलाधिकारी अतर्रा राहुल द्विवेदी,तहसीलदार पैलानी राधेश्याम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

अधिकारियों ने बेहतरीन खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का जबरदस्त उत्साहवर्धन किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रशासन ने 16 ओवर में 98 रन बनाए। डीआईजी तथा एसपी ने शानदार पारी खेलते हुए टीम को संभाला। रोमांचक मैच में ज्यूडीशियल इलेवन ने जिला प्रशासन इलेवन को 08 विकेट से पराजित कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। टॉस जीतकर ज्यूडीशियल इलेवन ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। जिला प्रशासन इलेवन ने बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 16 ओवरों में 98 रन का लक्ष्य प्रस्तुत किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ज्यूडीशियल इलेवन ने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 10 ओवरों में 8 विकेट से विजय प्राप्त कर मैच अपने नाम किया।

दोनों टीमों ने खेल भावना और उम्दा कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।ज्यूडीशियल इलेवन के मुकेश कुमार सिंह (जनपद न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय) द्वारा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉटआउट 24 रनों की शानदार पारी खेली। जिसके लिए उन्हे प्लेयर-ऑफ-द-मैच चुना गया। ज्यूडीशियल इलेवन के राघवेन्द्र सिंह (आशुलिपिक न्यायालय ) ने धारदार तेज गेंदबाजी करते हुए 02 महत्वपूर्ण विकेट झटके और टीम की जीत में अहम योगदान दिया। जिसके लिए उन्हे बेस्ट बॉलर चुना गया। राष्ट्रीय खेल दिवस पर यह आयोजन खेलों के प्रति जागरूकता,आपसी सौहार्द और टीम भावना का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। समापन समारोह में सहायक पुलिस अधीक्षक बांदा/क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन मेविस टॉक, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस बेलास यादव सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।
