चित्रकूट-खाद के लिए किसानों को बेवजह ने करें परेशान-कमिश्नर

आयुक्त ने सहकारी समिति अस्पताल तथा विद्यालय का किया निरीक्षण

खामियां मिलने पर दुरुस्तीकरण के दिए निर्देश

UP TIMES NEWS- आयुक्त चित्रकूट धाम ने बुधवार को चित्रकूट जनपद के कर्वी विकासखण्ड के अंतर्गत शिक्षा,व खाद तथा अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जहां उन्होंने व्यवस्थाएं देखने के साथ और बेहतर किए जाने के निर्देश दिए।
चित्रकूटधाम मण्डल के आयुक्त अजीत कुमार ने बुधवार को जनपद चित्रकूट के विकासखण्ड कर्वी में विभिन्न विभागीय व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले कमिश्नर अजीत कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र,शिवरामपुर, सहकारी खाद केंद्र,प्राथमिक विद्यालय शिवरामपुर का स्थलीय जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवरामपुर में सभी चिकित्सक उपस्थित पाए गए। आयुक्त अजीत कुमार ने वार्डों में भर्ती मरीजों से संवाद कर उपचार व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। जिस पर मरीजों ने संतोष व्यक्त किया। अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता,मरीज पंजीकरण,ब्लड परीक्षण, एक्स-रे सेवा एवं सीसीटीवी प्रणाली की स्थिति भी ठीक-ठाक पाई गई। हालाँकि केंद्र में पेयजल व शौचालय व्यवस्था ठीक न पाए जाने पर आयुक्त अजीत कुमार ने चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि वीएचएनडी कैम्पों का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाए।समस्त चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ समय से उपस्थित हो,मरीजों को बाहर की दवाएँ न लिखी जाएँ। एक्स-रे मशीन सदैव क्रियाशील रखी जाए। किसी भी मरीज को अनावश्यक रूप से रिफर न किया जाए। बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण समय से कराये। अस्पताल परिसर में नियमित स्वच्छता व पेयजल की व्यवस्था ठीक-ठाक रखी जाए।
इसके उपरांत आयुक्त अजीत कुमार ने बी पैक्स सहकारी खाद केंद्र, शिवरामपुर का निरीक्षण किया। जहाँ केंद्र के बाहर लगभग 20 किसान लाइन में खाद लेने के लिए खड़े मिले। केंद्र प्रभारी जगन्नाथ ने बताया कि केंद्र पर 200 बैग खाद उपलब्ध है। किंतु उनके पास दो अन्य केंद्रों का अतिरिक्त प्रभार भी है। जिसके कारण सभी स्थानों पर एक साथ उपस्थिति संभव नहीं हो पाती।आयुक्त ने इस पर सहायक निबंधक सहकारिता चित्रकूट को निर्देशित किया कि केंद्र को नियमित व सुचारू रूप से संचालित कराया जाए। जिससे किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयुक्त ने तत्पश्चात प्राथमिक विद्यालय शिवरामपुर का निरीक्षण किया। जहाँ सभी अध्यापक उपस्थित मिले। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अध्यापक समय पर विद्यालय में उपस्थित रहें।बच्चों के पठन-पाठन कार्य को सुदृढ़ व सुव्यवस्थित बनाया जाए। मिड-डे मील का भोजन रोस्टर के अनुसार ताजा व पौष्टिक रूप से तैयार किया जाए।विद्यालय में नियमित पेयजल व स्वच्छता बनी रहे। पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाए। प्रत्येक माह बच्चों के अभिभावकों से शिक्षा की गुणवत्ता पर फीडबैक प्राप्त किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्रत्येक योजना व सेवा का लाभ जन-जन तक समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से पहुँचे, यह सुनिश्चित किया जाए। कमिश्नर अजीत कुमार ने निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की मंशा जनहित,स्वच्छ प्रशासन और सेवा भावना पर आधारित है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी को कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। ताकि हम लोगों में काम काज के प्रति विश्वास उत्पन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *