बाँदा-मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत छात्रा अदिति बनी कलेक्टर

डीएम की मौजूदगी में छात्रा ने की जनसुनवाई

अर्पिता दुबे को मुख्य विकास अधिकारी तथा विजयलक्ष्मी को बनाया गया अपर जिलाधिकारी

UP TIMES NEWS- मिशन शक्ति कार्यक्रम की तहत जीआईसी की छात्रा अदिति को एक दिन का डीएम बनाया गया। डीएम जे रीभा की मौजूदगी में छात्रा ने जनसुनवाई करते हुए कई प्रकरण निस्तारित भी किये। वही छात्रा अर्पिता दुबे को सीडीओ तथा विजय लक्ष्मी को अपर जिलाधिकारी बनाया गया।
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बांदा में एक अनूठी पहल की गई, जहाँ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की इंटरमीडिएट छात्रा अदिति को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया।

छात्रा ने डीएम जे रीभा की मौजूदगी में जिलाधिकारी कार्यालय पहुँचकर लोगों की समस्याएँ सुनीं और अपनी जिम्मेदारियाँ निभाईं। जिलाधिकारी का पदभार संभालते ही छात्रा अदिति ने विभिन्न जनसमस्याओं की सुनवाई की। छात्रा ने त्वरित निर्णय लेते हुए कई मामलों का निस्तारण भी किया। जिससे कर्मचारियों ने उनकी गंभीरता और नेतृत्व क्षमता को सराहा। इस अवसर पर अदिति ने कहा कि आमजनमानस की अभी भी अनेकों समस्याएँ हैं, जिन पर गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है।

उन्होंने समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया। एक दिन की जिलाधिकारी बनने के बाद अदिति ने अपनी खुशी व्यक्त की और ‘मिशन शक्ति अभियान’ को धन्यवाद दिया। यह आयोजन जनपद के जिलाधिकारी कार्यालय में संपन्न हुआ। जिसका उद्देश्य बेटियों के प्रति समाज की सोच को सकारात्मक दिशा देना और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना है। इसी प्रकार छात्रा अर्पिता दुबे को मुख्य विकास अधिकारी तथा विजय लक्ष्मी को अपर जिलाधिकारी का दायित्व सौंपा गया। कार्यभार ग्रहण करते हुए छात्राओं ने अपने पदों के दायित्वो का निर्वहन किया। सीडीओ अजय कुमार पांडे तथा अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र ने छात्राओं को कार्य प्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारियां प्रदान की। इसके अतिरिक्त डीएम जे रीभा,सीडीओ अजय कुमार पांडे तथा एडीएम कुमार धर्मेंद्र ने अधिकारी बनी छात्राओं को बुके देकर स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *