बांदा। मंगलवार को बेंदा घाट पर यमुना नदी में नहाते समय दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में उतरे ये बच्चे गहराई का अनुमान नहीं लगा पाए और काल के गाल में समा गए।
मृतक बच्चों की पहचान बबेरू क्षेत्र के बेर्रांव गांव निवासी बीरू यादव (10 वर्ष) और जितेंद्र यादव (11 वर्ष) के रूप में हुई है। वे अपने परिजनों के साथ लोहारी गांव के प्रसिद्ध मां कालिका मंदिर दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद दोनों बच्चे पास की यमुना नदी में नहाने चले गए।
नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेंदा घाट चौकी इंचार्ज तुषार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया और उन्हें तत्काल पीएचसी तिंदवारी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह दर्दनाक हादसा दोनों परिवारों के लिए वज्रपात बनकर आया है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।