राहवीर योजना के तहत सम्मानित किए जाएंगे मददगार
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएनए दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाए जाने के दिए निर्देश
UP TIMES NEWS- घायलों को अस्पताल पहुंचाने वालों को प्रशासन द्वारा 25 हजार का इनाम दिया जाएगा। जिसकी जानकारी डीएम ने बैठक में दी है। इसके साथ ही उन्होंने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
जिलाधिकारी जे0 रीभा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने व कमी लाने हेतु लोगों को जागरूक किये जाने तथा ओवर स्पीड के द्वारा होने वाली घटनाओं को रोकने के निर्देश दिये। डीएम ने बबेरू-तिन्दवारी मार्ग में सड़क दुर्घटना में कमी लाये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने परिवहन व पुलिस विभाग के सहयोग से प्रातः 10 से 12 विभिन्न स्थलों पर हेलमेट व सीटबेल्ट की कार्यवाही को सघन अभियान के अन्तर्गत चलाये जाने के निर्देश दिये। ओवरलोड वाहनों के विरूद्ध प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए प्रसमन शुल्क लगाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी स्कूलों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने हेतु तथा कक्षा-12वीं तक के बच्चों को मोटरसाइकिल,स्कूटी संचालित न करें के सम्बन्ध में रोड सेफ्टी क्लब के द्वारा बच्चों को जागरूक किये जाने तथा सड़क सुरक्षा शपथ दिलाये जाने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिये। सड़क किनारे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के लिए रैली,नुक्कड नाटक कराये जाने के सम्बन्ध में परिवहन,पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। ई-रिक्शा के सम्बन्ध में शहर के अन्दर ई-रिक्शा का वन वे रूट का कडाई से अनुपालन किये जाने तथा अस्थायी अतिक्रमण को रोके जाने के निर्देश दिये। उन्होंने तिन्दवारी-फतेहपुर मार्ग पर जंगल, झाडी सफाई,पटरी का कार्य तथा ग्राम मुंगुस के समीप स्थित स्पीड ब्रेकर में रिफलेक्टिंग टेप लगाने तथा थाना तिन्दवारी के आस-पास उत्पन्न पैंच एवं पाॅट होल्स की मरम्मत का कार्य अविलम्ब कराये जाने के निर्देश दिये। डीएम जे रीभा ने पेट्रोल पम्प संचालकों के द्वारा नो हेलमेट-नो फ्यूल का कडाई से अनुपालन कराये जाने के सम्बन्ध में जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को महाराणा प्रताप चौक से पं0जे0एन0 काॅलेज,इन्द्रा नगर रोड, पुलिस लाइन रोड तीनों मार्गों पर वेण्डिंग जोन निर्माण की कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में कमी लाने हेतु घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचान पर राहवीर योजना अन्तर्गत 25 हजार रूपये की धनराशि दिये जाने एवं हिट एण्ड रन दुर्घटना के अन्तर्गत मृतक व्यक्ति के आश्रित को रू0 02 लाख एवं घायल व्यक्ति को 50 हजार तक दिलाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने चिल्ला रोड पर स्थित ग्राम तारा एवं बबेरू रोड पर स्थित ग्राम मुरवल में स्थित पुलियों की मरम्मत के कार्य कराये जाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को दिये। उन्होंने अतर्रा रोड पर स्थित बाईपास चैराहे पर हाईमास्क लाइट लगाये जाने हेतु सचिव बाॅदा विकास प्राधिकरण को निर्देश दिये। उन्होंने अन्ना पशुओं को गौशालाओं में संरक्षित किये जाने के सम्बन्ध में अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका एवं सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज एवं सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक,एआरटीओ, लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय खण्ड राजेश कुमार,अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खण्ड-1, पीटीओ, सहित क्षेत्राधिकारी पुलिस, तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
