पुलिस स्मृति दिवस पर डीआईजी एसपी सहित अधिकारियों ने शहीदों को अर्पित किए पुष्प चक्र
पुष्प चक्र अर्पित करने के साथ सहित परिवारों को किया सम्मानित
UP TIMES NEWS- मंगलवार को “पुलिस स्मृति दिवस” के अवसर पर कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहूति देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में पुलिस लाइन में परेड का आयोजन किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस,पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों व अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा शहीद हुए पुलिसकर्मियों को याद कर उन्हें पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस के द्वारा मुख्यमंत्री,पुलिस महानिदेशक के संदेश से सभी पुलिसकर्मियों को अवगत कराते हुए विगत एक वर्ष में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को याद करते हुए उनकी शौर्य गाथा बताई गई। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश व पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों को परिजनों को आमंत्रित कर उन्हे सम्मानित किया गया। एसपी पलाश बंसल ने कहा कि शहीदों की सौर्य गाथा सदियों तक याद रहेगी। उन्हें कभी भी भूलाया नहीं जा सकता है।

इसी तरह दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज द्वारा कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहूति देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में थाना फतेहगंज क्षेत्र के बघेलाबारी में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को याद कर उन्हें पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। बताते चलें कि दस्यु सम्राट अंबिका पटेल उर्फ ठोकिया ने 22 जुलाई 2007 को कांबिग के दौरान एसटीएफ के छह जवानों सहित मुखबिर को मौत के घाट उतार दिया था। जिनकी याद में फतेहगंज में शहीद स्मारक बनवाया गया था। गौरतलब हो कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु देश भर के पुलिस बल द्वारा प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को “पुलिस स्मृति दिवस” मनाया जाता है।

बता दें कि दिनांक 01.09.2024 से 31.08.2025 तक पूरे भारत वर्ष में 186 पुलिसकर्मी अपने कर्त्तव्यों का पालन करते हुए अपने प्राणों की आहूति दे दी जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के 03 पुलिसकर्मी निरीक्षक स्व0 सुनील कुमार एसटीएफ उ0प्र0, मुख्य आरक्षी स्व0 दुर्गेश कुमार सिंह जनपद जौनपुर व आरक्षी स्व0 सौरभ कुमार जनपद गौतमबुद्ध नगर ने अपने कर्त्तव्यों का पालन करते हुए वीरगती को प्राप्त हुए थे
पुलिस स्मृति दिवसः–
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट-स्प्रिंग के पास CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) की एक टुकड़ी भारत-तिब्बत सीमा पर नियमित गस्त के लिए निकली थी। उसी दौरान पहले से ही घात लगाकर बैठे चीनी सैनिकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सीआरपीएफ के जवानों ने भी उस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया लेकिन उस अचानक हुए हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए तथा सात अन्य जवान घायल हो गए,उसी दिन से उन 10 वीर सीआरपीएफ जवानों की शहादत को याद करते हुए प्रत्येक वर्ष संपूर्ण भारतवर्ष में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रत्येक वर्ष ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले और लद्दाख में शहीद हुए वीर पुलिसकर्मियों के बलिदान के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को “पुलिस स्मृति दिवस” मनाया जाता है।
