बाँदा-डिजिटल युग के अनुकूल बनाये गए नए कानून,एएसपी ने बताई नए कानून की खूबियां

नए कानून की जानकारी को लेकर पुलिस लाइन में आयोजित हुई प्रशिक्षण कार्यशाला

प्रशिक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक ने बताई नए कानून की खूबियां

UP TIMES NEWS- नए कानूनों की जानकारी को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में पुलिस लाइन में कार्यशाला का आयोजन किया गया। जहां कर्मचारियों को नए कानून के प्रति जागरूक किया गया। प्रशिक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक में कर्मचारियों को नए कानून की खूबियां बताई।


महिला सुरक्षा,सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत गुरुवार को पुलिस लाइन बाँदा में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जनपद के सभी थानों में स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों के प्रभारी,महिला कर्मी,एंटी रोमियो स्क्वॉड सदस्य उपस्थित रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मिशन शक्ति टीमों को तीन नए आपराधिक कानूनों, भारतीय न्याय संहिता,भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देना तथा उन्हें व्यावहारिक रूप से लागू करने हेतु प्रशिक्षित करना था। प्रशिक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज तथा सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने बताया कि इन नए कानूनों को पारित कर सरकार ने देश की न्याय प्रणाली को अधिक जन-हितैषी,त्वरित और डिजिटल युग के अनुकूल बनाया है। इसमें महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी धाराओं को और अधिक सशक्त किया गया है। सत्र के दौरान सभी को बताया गया कि भारतीय न्याय संहिता में महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों जैसे महिला उत्पीड़न,साइबर क्राइम,मानव तस्करी,बाल शोषण, और घरेलू हिंसा के मामलों में दंड का प्रावधान पहले की तुलना में और अधिक कठोर किया गया है। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता में अपराधों की जांच,गिरफ्तारी,चार्जशीट दाखिल करने और न्यायिक प्रक्रिया को डिजिटल माध्यमों से जोड़ने की व्यवस्था की गई है। जिससे मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कहा कि“मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिला सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मूल भाव महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें न्याय प्राप्त करने के लिए आत्मनिर्भर बनाना है।पुलिस बल का प्रत्येक सदस्य इस दिशा में सेतु का कार्य करेगा।” उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों को समझना प्रत्येक पुलिसकर्मी के लिए अत्यंत आवश्यक है। अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण प्राप्त सभी महिला पुलिसकर्मी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। इन कार्यक्रमों में विद्यालयों,महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों,ग्राम पंचायतों तथा नगर क्षेत्रों की महिलाओं और बालिकाओं को नए कानूनों में उनके अधिकारों,सुरक्षा उपायों और त्वरित शिकायत निवारण प्रणाली के बारे में जानकारी दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *