जूस बनाने की मशीन,रैपर सहित अन्य सामग्री हुई बरामद
कमासिन थाना क्षेत्र के जामू गांव में चल रहा था नशीले जूस का गोरखधंधा
UP TIMES NEWS- यूट्यूब देखकर नशीला जूस बनाने वाले शातिर अभियुक्त को पुलिस ने पकड़ा है। जिसके कब्जे से जूस बनाने की मशीन तथा अलग-अलग प्रकार के रैपर के अलावा अन्य सामग्री बरामद हुई हैं।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना कमासिन पुलिस द्वारा नकली पेय पदार्थ बनाकर बिक्री करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ सौरभ सिंह ने बताया कि मंगलवार को थाना कमासिन पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर ग्राम जामू में दबिश देकर अभियुक्त लवकुश सिंह पुत्र शिववरन सिंह निवासी ग्राम जामू थाना कमासिन को गिरफ्तार किया किया है। अभियुक्त अवैध रूप से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नकली पेय पदार्थ तैयार कर बिक्री करने का कार्य कर रहा था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह मशीनें एवं कच्चा माल कानपुर से खरीद कर लाता था। यूट्यूब पर देखकर नकली पेय पदार्थ/केमिकल जूस बनाना सीखकर बिना एक्सपायरी डेट अंकित किए तैयार पेय पदार्थ को आस-पास के बाजार क्षेत्रों में बेचता था। ऐसा करने से केमिकल युक्त जूस को लंबे समय तक बाजार में बेचना संभव हो जाता था। अभियुक्त के विरुद्ध थाना कमासिन में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। सीओ सौरभ सिंह ने बताया कि अभियुक्त लव कुश के कब्जे से 01 अदद पेय पदार्थ बनाने वाली मशीन,अदद पैकिंग करने वाली मशीन,5 अदद तैयार नकली पेय पदार्थ,11 अदद सॉफ्ट ड्रिंक कॉन्सेंट्रेट मिक्स (खुले पैकेट), 02 अदद Nurish Hardner (खुले पैकेट),03 अदद Nurish Hardner (बंद पैकेट),02 अदद Berry Nutly Sweetner, लगभग 02 हजार अदद पैकिंग पाउच बरामद हुए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक दीपक कुमार,अनुराग सिंह,आरक्षी अनुज कुमार यादव शामिल रहे।
