सौंदर्यकरण को लेकर महाराणा प्रताप चौराहा से लेकर पुलिस लाइन तक चलेगा अभियान
अतिक्रमण अभियान को लेकर एसडीएम ने व्यापारियों के साथ की बैठक
UP TIMES NEWS- सड़क चौड़ीकरण तथा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाए जाने को लेकर डीएम ने एक बार फिर अतिक्रमणकारियों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम सदर ने बैठक करते हुए बताया कि शनिवार को जेसीबी की मदद से महाराणा प्रताप चौराहा से लेकर पुलिस लाइन तिराहा तक अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी जे रीभा के निर्देशन पर एक बार फिर शहर में अतिक्रमण कारियों बुलडोजर गरजेगा। उप जिलाधिकारी नमन मेहता ने बैठक करते हुए बताया कि महाराणा प्रताप चौराहे से पुलिस लाइन तक अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही 11 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे की जाएगी। इसके लिए नगर पालिका परिषद को दो जेसीबी मशीनें चालकों सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यवाही के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो एम्बुलेंस मय चिकित्सक,एक फायर टैंकर तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

अभियान से पूर्व उप जिलाधिकारी नमन मेहता ने नगर पालिका परिषद अधिशाषी अधिकारी श्रीचंद्र के साथ नगर पालिका परिषद के मीटिंग हाल में महाराणा प्रताप चौक से लेकर पुलिस लाइन तक के स्थानीय व्यापारियों को बुलाकर बैठक की। उन्होंने अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर कहा कि यह अभियान शहर की सुगम यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि प्रशासन के इस अभियान में पूरा सहयोग करें,अन्यथा नियमों का अनुपालन न करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पर स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उप जिलाधिकारी नमन मेहता ने कहा कि सभी व्यापारी प्रशासन का सहयोग करें। आने वाले समय में हम भी आपका पूरा सहयोग करेंगे। यह अभियान किसी के खिलाफ नहीं,बल्कि शहर के विकास के लिए है।” नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने कहा कि “यह चौराहा हमारा नहीं,बल्कि सभी शहर वासियों का है। यह पूरा वीवीआईपी एरिया है, जहां बड़े-बड़े अधिकारियों का आना-जाना रहता है। इसलिए इसे मॉडल जोन के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें, आने वाले समय में आपको यहां सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी ने प्रशासनिक निर्देशों का अनुपालन नहीं किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित गुप्ता वासु,खाद्य एवं निरीक्षक रामजस सिंह,जिला कार्यक्रम प्रबन्धक स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय अभिषेक खरे,गौरव श्रीवास्तव, मनीष,विकास, सफाई नायक राजाराम एवं नगर पालिका कर्मचारी उपस्थित रहे।
