कमिश्नर ने सहकारी समिति के अलावा कई विभागों का किया निरीक्षण
शौचालय की सफाई को लेकर पंचायत राज अधिकारी का आयुक्त ने किया जवाब तलब
UP TIMES NEWS- सामुदायिक शौचालय की सफाई न होने की शिकायत पर कमिश्नर एक्शन लेते हुए पंचायत राज अधिकारी का जवाब-तलब किया है। समाधान दिवस के बाद कमिश्नर द्वारा कई विभागों का औचक मुआयना किया गया।
समाधान दिवस के उपरान्त आयुक्त अजीत कुमार के द्वारा सहकारी समिति के अलावा कई विभागों में निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान कमिश्नर अजीत कुमार ने साफ तौर पर कहा है कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से एवं पारदर्शी रूप से पहुँचे। इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी पूर्ण निष्ठा से निभानी होगी। सहकारी समिति बी-पैक्स दक्षिणी तिन्दवारी के निरीक्षण में खाद की अनुपलब्धता एवं नोटिस बोर्ड न लगे होने की शिकायत पर आयुक्त ने जमकर फटकार लगाई। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता को निर्देशित किया कि खाद वितरण व्यवस्था पूर्ण पारदर्शिता के कराये।

प्रत्येक केन्द्र पर पुरुषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग लाइनें लगाई जाएँ। जिसमें वृद्ध एवं दिव्यांग व्यक्तियों को प्राथमिकता मिले। सभी केन्द्रों पर खाद की उपलब्धता सम्बन्धी सूचना नोटिस बोर्ड पर अंकित की जाये तथा शिकायत दर्ज कराने हेतु अधिकारियों के मोबाइल नम्बर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराए जाएँ। किसी भी दशा में अवैध भण्डारण, कालाबाजारी अथवा औद्योगिक डायवर्जन जैसी शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए। सहकारी समिति के बाद कमिश्नर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तिन्दवारी का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सीय स्टाफ उपस्थित मिला तथा टीकाकरण सत्र सुचारू रूप से संचालित पाया गया। लेकिन परिसर की छत जर्जर, बिजली के खुले पाइप तथा दीवारों पर काई जमी पायी गयी। जिस पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई। आयुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल कमियों को दूर कराने के निर्देश दिए। साथ ही केन्द्र प्रभारी को यह सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया कि डाक्टरों की नियमित उपस्थिति, पेयजल,स्वच्छता,दवाओं की उपलब्धता एवं टीकाकरण कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। इसके बाद आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुंगुस कमिश्नर पहुंचे। यहाँ पर सीएचओ मनोरमा देवी द्वारा महिलाओं को “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” के तहत जागरूक करने तथा समय पर टीकाकरण कराने की जानकारी दी गयी। आयुक्त ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाएँ नियमित रूप से दी जाएँ तथा आशा बहुओं के सहयोग से प्रत्येक पात्र महिला एवं बच्चे तक आवश्यक दवाओं एवं टीकाकरण की सुविधा पहुँचे। सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत भवन मुंगुस निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि सामुदायिक शौचालय की विगत तीन माह से सफाई नहीं हुई तथा पंचायत भवन में स्थापित सीएससी केन्द्र केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। आयुक्त अजीत कुमार ने इस पर गंभीर असन्तोष व्यक्त करते हुए जिला पंचायतराज अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिये। आयुक्त ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण,जनहित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन के अलावा पारदर्शिता के साथ कार्य किए जाएं।
