बाँदा-समय से उपस्थित होने के साथ मरीजो से करें शालीनता का व्यवहार-अजीत

स्वास्थ्य समिति की बैठक में कमिश्नर ने दिए निर्देश

गर्भवती महिलाओं के चेकअप के साथ टीकाकरण किये जाने के लिए किया निर्देशित

UP TIMES NEWS- समय से अस्पताल पहुंचने के साथ-साथ मरीजो के साथ शालीनता से पेश आये। गर्भवती महिलाओं का समय से चेकअप करने के साथ उनका टीकाकरण कराये जाने के कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं।

आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मण्डलीय/जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मण्डल के चिकित्सा विभाग की रैंकिंग में सुधार होने पर आयुक्त अजीत कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि इस माह चित्रकूटधाम मण्डल प्रदेश में 7वें स्थान पर रहा। बैठक में आयुक्त अजीत कुमार ने निर्देशित किया है कि जिन संकेतकों (इंडीकेटर्स) पर प्रगति संतोषजनक नहीं है, उनमें आगामी माह तक सुधार अवश्य परिलक्षित होना चाहिए। वरिष्ठ नागरिकों (70 वर्ष से अधिक आयु) का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इसी क्रम में स्वास्थ्य नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत सभी पात्र महिलाओं को आच्छादित करने और गर्भवती महिलाओं का समय-समय पर ए.एन.सी. चेकअप एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने वी.एच.एन.डी. सत्रों के नियमित आयोजन पर विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि महोबा जनपद की स्थिति इसमें संतोषजनक नहीं है, इसलिए सीएमओ महोबा सहित अन्य सभी सीएमओ यह सुनिश्चित करें कि नियमित सत्र समय से आयोजित हों। साथ ही, “संभव अभियान” की उपलब्धियों को और अधिक गति प्रदान करने की आवश्यकता बताई गई। डॉक्टरों को ई-संजीवनी पोर्टल का अधिकतम उपयोग करने और आम जनता को इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने यह भी कहा कि दीपावली से पूर्व सभी संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन समय पर भुगतान किया जाए, ताकि त्यौहार का उल्लास सभी के जीवन में समाहित हो सके। मरीजों की सुविधा को सर्वोपरि मानते हुए उन्होंने पंजीकरण व्यवस्था को सरल एवं डिजिटल बनाने पर बल दिया। पंजीकरण कक्ष पर लम्बी लाइनों की समस्या से निजात दिलाने हेतु ड्राइफकेस जैसी डिजिटल पंजीकरण प्रणाली को अपनाने और जनता को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जननी सुरक्षा योजना से संबंधित कोई भी आवेदन किसी भी स्तर पर लंबित न रहे। अस्पतालों में डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति अनिवार्य हो और मरीजों के साथ सहजता एवं शालीनता से व्यवहार किया जाए। साथ ही, मण्डल की सभी इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेटरी को यथाशीघ्र क्रियाशील कराने पर भी बल दिया। बैठक में यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ पहुँचाया जाए तथा मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके कल्याण हेतु हर सम्भव प्रयास किए जाएँ। आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक और अधिक सरल, सहज एवं प्रभावी रूप में पहुँचाया जाए। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण भाव से कार्य करें। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप चित्रकूटधाम मण्डल स्वास्थ्य सेवाओं की उत्कृष्टता की दिशा में प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभाएगा। कमिश्नर ने कहा है कि मरीज के साथ अगर दुर्व्यवहार की शिकायत मिली तो वह तत्काल कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *