महिला ने एडिशनल एसपी से रोया अपना दुखड़ा
महिला की शिकायत को सुनते हुए एडिशनल एसपी ने मुकदमा दर्ज किए जाने के दिए निर्देश
UP TIMES NEWS- मवेशियों के विवाद में महिला को बुरी तरह मारा पीटा। इसके बाद विपक्षियों ने उल्टा महिला पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया। पीड़िता ने अपर पुलिस अधीक्षक से अपना दुखड़ा रोया है। एडिशनल एसपी ने थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
जनपद बांदा के थाना मर्का मुड़वारा गांव की रहने वाली पूनम पत्नी उमाशंकर गुप्ता ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले विपक्षियों पर कार्रवाई न होने की शिकायत लेकर अपर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची। जहां उसने अपना दुखड़ा रोया। महिला की बात सुनते हुए एएसपी ने मर्का थानाध्यक्ष को फोन कर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश है। पीड़िता का आरोप है कि 20 सितंबर की सुबह वह भैंस को नदी से पानी पिलाकर घर ला रही थी। इसी दौरान गांव के राममिलन विश्वकर्मा की भैंस रास्ते में बंधी थी। दोनों भैंसें आपस में भिड़ गईं। इसी बात को लेकर राममिलन,उसकी पत्नी ऊषादेवी,भाई सत्यनारायण और पुत्री संगीता वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए उसे लात-घूंसों से पीटा। महिला का कहना है कि चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े,तब जाकर उसकी जान बच सकी। दूसरे दिन गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों का सुलह थाना मर्का में हो गया। सुलह होने के बावजूद विपक्षियों ने महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। जबकि उसकी तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आहत महिला ने एएसपी से मिलकर पूरी आपबीती सुनाई। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
