आग की चपेट में आने से लगभग 80 दुकाने हुई जलकर खाक
डेढ़ घण्टे मशक्कत के बाद दमकल ने आग पर पाया काबू
UP TIMES NEWS- फतेहपुर के लोधीगंज पटाखा बाजार में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग से 80 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं। पूरा इलाका धमाकों से गूंज उठा। कई दोपहिया वाहन भी जल गए और भीड़ में भगदड़ मच गई।डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फतेहपुर जिले के लोधीगंज हाईवे किनारे लगी पटाखा बाजार में रविवार दोपहर 12 बजे करीब आग लग गई। आग लगते ही पूरा इलाका धमाकों से गूंज उठा। जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय मौके पर सिर्फ एक छोटी दमकल की गाड़ी और खरीदारों की भीड़ एकत्र थी। पटाखों के धमाकों से भीड़ में खलबली मच गई। इधर-उधर भागते लोग एक-दूसरे पर गिरकर चोटिल हुए। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, एक के बाद एक दुकानें आग की चपेट में आती चली गई। धमाके और धुंए के चलते हाईवे किनारे लोगों की भीड़ लग गई।
इससे आवागमन बाधित हो गया। सूचना पाकर सीओ सिटी और भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां भी पहुंचने लगी, लेकिन तब तक 60 फीसदी दुकानें जलकर खाक हो चुकी थी। आग पर करीब डेढ़ घंटे के बाद काबू पाया जा सका।
पटाखा बाजार के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के तारों को लेकर भी लोगों में दहशत रही। आग की चपेट में आकर कई दो पहिया वाहन भी जल गए। हालांकि अभी तक घायलों के बारे में प्रशासन कुछ नहीं बता पा रहे है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।
