बाँदा-विद्यालयों के विकास में कारगर होगी विद्यांजलि मुहिम

निदेशक बोले विद्यालय के विकास के लिए मुहिम में निभाये सहभागिता

UP TIMES NEWS- विद्यालयों के विकास में स्वयंसेवकों की भागीदारी अत्यंत कारगर है। स्वयंसेवको के सहयोग से विद्यालय का विकास संभव है। निदेशक ने विद्यालय के विकास के लिए मुहिम में जुड़ने की अपील की है।
विद्यांजलि 5.0”अभियान विद्यालयों में स्वच्छ, प्रेरणादायक और सीखने के अनुकूल वातावरण सृजित करने के उद्देश्य से भारत सरकार,शिक्षा मंत्रालय, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित “विद्यांजलि 5.0 कार्यक्रम” के अंतर्गत झाँसी/चित्रकूटधाम मण्डल में स्पेशल कम्पेजन 5.0” का शुभारंभ किया गया है।संयुक्त शिक्षा निदेशक राजू राणा ने बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 और स्वच्छ भारत मिशन की भावना के अनुरूप विद्यालयों में संस्थागत स्वच्छता को बढ़ावा देने तथा सामुदायिक सहभागिता को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल के माध्यम से विद्यालयों को पूर्व छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, कॉरपोरेट संगठनों और सामाजिक समूहों से जोड़ा जा रहा है ताकि सामूहिक प्रयासों से विद्यालयों का सौंदर्यीकरण,पेंटिंग, सफेदी,उपकरणों की मरम्मत तथा स्वच्छ एवं आनंददायक शिक्षण वातावरण का निर्माण किया जा सके। उन्होंने कहा कि “विद्यांजलि प्लेटफॉर्म” विद्यालयों और समाज के बीच सेतु का कार्य कर रहा है। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति, संस्था या पूर्व छात्र अपने क्षेत्र के विद्यालयों को सहयोग प्रदान कर सकता है। पोर्टल पर लॉगिन कर विद्यालयों की आवश्यकताओं के अनुसार योगदान देना अत्यंत सरल है और योगदानकर्ता को कार्य पूर्ण होने पर भारत सरकार की ओर से डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाता है।संयुक्त शिक्षा निदेशक ने आगे कहा कि विद्यालय समुदाय और स्वयंसेवकों की संयुक्त भागीदारी से ही विद्यालयों का समग्र विकास संभव है। निदेशक ने समाज के सभी वर्गों — विशेष रूप से शिक्षित युवाओं,पूर्व छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उद्योग संस्थानों से अपील की है कि वे अपने आसपास के विद्यालयों में सक्रिय योगदान देकर “विद्यांजलि 5.0” अभियान को जन-आंदोलन के रूप में सफल बनाएं। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि समस्त प्रधानाचार्य अपने-अपने विद्यालयों में इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। तथा अधिक से अधिक स्वयंसेवकों को इस पहल से जोड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *