मार्ग को मॉडल जोन बनाए जाने को लेकर प्रशासन ने हटवाया अतिक्रमण
डीएम के निर्देशन पर अतिक्रमणकारियों पर चला बुलडोजर
UP TIMES NEWS- शहर के महाराणा प्रताप चौराहे से लेकर पुलिस लाइन तिराहे तक मार्ग को मॉडल जोन बनाए जाने को लेकर पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन ने मार्ग को अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराते हुए हिदायत दी है कि अगर दोबारा सड़क में अतिक्रमण किया तो

सख्त कार्यवाही की जाएगी।
शनिवार को जिलाधिकारी जे रीभा के निर्देशन पर शहर के मुख्य मार्ग महाराणा प्रताप चौराहा से पुलिस लाइन तिराहा तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कड़ी कार्रवाई की गई। उप जिलाधिकारी सदर नमन मेहता के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटवाया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों द्वारा फैलाए गए टीन-टप्पर, डिब्बे,गुमटियां और अस्थायी ठेले बुलडोजर से हटाए गए। मौके पर दो एम्बुलेंस मय चिकित्सक, एक फायर टैंकर,भारी पुलिस बल,सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक,शहर कोतवाल बलराम सिंह, महिला थानाध्यक्ष मोनी निषाद सहित पुलिस टीम और पीएसी जवान भी मौजूद रहे। अभियान से एक दिन पहले शुक्रवार को नगर पालिका परिषद बांदा के मीटिंग हाल में उप जिलाधिकारी नमन मेहता और अधिशासी अधिकारी श्रीचंद ने स्थानीय व्यापारियों के साथ अतिक्रमण अभियान को लेकर बैठक की थी। बैठक में बताया गया था कि यह कार्रवाई शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और मुख्य मार्ग को मॉडल जोन के रूप में विकसित करने के लिए है। उप जिलाधिकारी नमन मेहता ने व्यापारियों से सहयोग की अपील की,व्यापारियों ने भी प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया था। अभियान के दौरान उप जिलाधिकारी नमन मेहता ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी कि पुनः कब्जा करने पर कठोर कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा। अधिशासी अधिकारी श्रीचंद ने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कार्यवाही के दौरान नायब तहसीलदार धनंजय सिंह,राजस्व निरीक्षक,लेखपाल, प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह,नगर पालिका के सहायक अभियंता जगदीश प्रसाद,खाद्य एवं सफाई निरीक्षक हेमंत प्रसाद,राजस्व निरीक्षक रामजस सिंह,प्रधान लिपिक केदारनाथ, गौरव श्रीवास्तव,धीरेन्द्र, समीर सिंह,नवल किशोर सहित नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का सख्त संदेश: सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क पर फैलाया गया सामान जब्त या नष्ट किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी अतिक्रमणकारियों की होगी।
