हमीरपुर-शराब पीने के लिये पैसे न देने पर नाती ने की दादी की हत्या

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

UP TIMES NEWS- शराब पीने के लिए पैसे न देने पर नाती ने अपनी दादी की डंडे से पीट पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हमीरपुर जनपद के कस्बा कुरारा के वार्ड नंबर 11 में रविवार की देर रात शराब के लिए पैसे देने से इनकार करने पर नाती ने दादी को डंडों से पीटकर मार डाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। कस्बे के वार्ड नंबर 11 निवासी स्व.धर्मदास अहिरवार की पत्नी आशारानी (70) अपने परिवार के साथ रहती हैं। रविवार की देर रात करीब 11.30 बजे के आसपास आशारानी का नाती विशाल शराब पीने को उनसे पैसा मांगने गया था।
नाती की आदतों से परेशान आशारानी ने उसे पैसे देने से इनकार कर दिया। इस पर विशाल ने दादी को कई बार दरवाजे की चौखट में बाल पकड़कर भेड़ा, जिससे आशारानी बेहोश होकर गिर पड़ी। फिर डंडे से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जिससे आशारानी की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिजनों के साथ पड़ोसी भी बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के साथ ही नाती विशाल को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *