तिंदवारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेंदा गांव स्थित कालका देवी मंदिर दर्शन करने आई महिला का चोरी हुआ था लॉकेट
चोरी की सूचना पर एक्टिव हुई मिशन शक्ति टीम
UP TIMES NEWS- तिंदवारी क्षेत्र के बेंदा स्थित कालका देवी मंदिर दर्शन करने आई महिला का लॉकेट किसी ने चोरी कर लिया। सूचना पर एक्टिव हुई मिशन शक्ति टीम ने चोरी के लॉकेट के साथ एक महिला चोर को पकड़ लिया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु की जा रही कार्यवाही के क्रम में मंगलवार को थाना तिन्दवारी की मिशन शक्ति टीम द्वारा एक महिला चोर को पकड़ा गया है। जिसके कब्जे से चोरी का लॉकेट बरामद हुआ है। प्रभारी निरीक्षक तिंदवारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि फतेहपुर जनपद के ललौली निवासी निशा पत्नी अमित निषाद बेंदा स्थित कालका देवी मंदिर दर्शन करने सोमवार को आई थी। इस दौरान महिला की लॉकेट भीड़-भाड़ का फायदा उठाते हुए किसी के द्वारा चोरी कर लिया गया। महिला द्वारा इसकी शिकायत मिशन शक्ति टीम से की गई। पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों की जांच से फुटेज निकालकर महिला की पहचान की गई। सूचना पर मंगलवार को लॉकेट चोरी करने वाली महिला को बेंदा खदान वाले रास्ते के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया लॉकेट बरामद किया गया है। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि अभियुक्ता रामदेवी पत्नी रामप्रसाद निवासी बारीगांव थाना साढ़ जनपद कानपुर नगर की रहने वाली है। तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं से चोरी व टप्पेबाजी की घटना को अंजाम देती है। पूछताछ और जांच कर पता किया जा रहा कि इसमें और कितने लोग शामिल है जो इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
