इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल का पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम
ज्ञापन देने की नहीं बल्कि शक्ति प्रदर्शन की थी पूरी तैयारी
UP TIMES NEWS- माहौल बिगाड़ने में नदीम नाम के शख्स की खतरनाक साजिश सामने आई है। भीड़ जुटाने के लिए उसने 55 लोगो को व्हाट्सएप कालिंग की है। सभी की तैयारी ज्ञापन देने की नही बल्कि शक्ति प्रदर्शन की पहले से ही रही है। जिसका खुलासा पुलिस की जांच में हुआ है।
बरेली शहर का माहौल यूं नहीं बिगड़ा,इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम खां ने इसके लिए खतरनाक साजिश रची थी। नदीम ने 55 लोगों को व्हाट्सएप कॉल की थी। इन 55 लोगों के जरिये शहर में बवाल कराने के लिए 1600 लोग जुटाए गए। सभी से कहा गया था कि सीएए-एनआरसी के विरोध-प्रदर्शन की तरह ही नाबालिगों को आगे रखना है। उन्हीं लोगों ने खलील स्कूल तिराहे के पास और फिर श्यामगंज में माहौल को बिगाड़ा। अब नदीम भूमिगत है, पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनसे प्रारंभिक पूछताछ की तो हकीकत सामने आ गई। पुलिस के मुताबिक, मौलाना तौकीर की मंशा ज्ञापन देने की नहीं,बल्कि इस्लामिया मैदान पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठकर शक्ति प्रदर्शन करने की थी। हालांकि, वह इसमें कामयाब नहीं हो सका।
बृहस्पतिवार रात में ही नफीस और लियाकत के साथ नदीम ने पुलिस को पत्र दिया कि मौलाना तौकीर शुक्रवार को प्रदर्शन नहीं करेंगे। यह भी कहा कि वह सुबह तक घूम-घूम कर आईएमसी समर्थकों को बताएगा कि इस्लामिया मैदान में कोई प्रदर्शन नहीं होना है।
आई लव मोहम्मद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन का आह्वान करने वाले इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां समेत आठ आरोपियों को पुलिस ने शनिवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। एहतियातन जिले में 29 सितंबर की रात 12.30 बजे तक के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प में 22 पुलिस वाले घायल हो गए थे। जिनका उपचार जारी है।
पर्दे के पीछे रची जा रही थी साजिश
पर्दे के पीछे भी कई लोग साजिश रच रहे थे। मौलाना तौकीर के बुलावे पर भीड़ के जुटने की बात सार्वजनिक है। उनका क्या उद्देश्य था, यह तथ्य भी पुलिस जांच में स्पष्ट करेगी। एसएसपी ने बताया कि खलील हायर सेकंडरी स्कूल के पास से पत्थर, जूते-चप्पल, पुलिस के टूटे बैरिकेड, एक तमंचा, कुछ कारतूस व खोखे,ब्लेड, चाकू और टूटी बोतल मिली हैं। बोतल से पेट्रोल की गंध आ रही थी। सभी सामग्री को पूरे प्लान के तहत पहले से एकत्रित कर रखा गया था।
कॉल डिटेल से खुलेगा राज
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि चक महमूद निवासी अनीस सकलैनी और नदीम अराजक भीड़ की अगुवाई कर रहे थे। दोनों भीड़ को इस्लामिया मैदान की तरफ जाने के लिए उकसा रहे थे। दोनों फोन पर किसी से निर्देश भी प्राप्त कर रहे थे। इसके बाद दोनों ने नारेबाजी शुरू कराते हुए पुलिस पर पथराव कराया। पुलिस दोनों की कॉल डिटेल निकलवा रही है। दोनों को निर्देश कौन दे रहा था, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण को जल्द ही राज फ़ास किया जाएगा।
