घर के बाहर सोते समय हुई महिला की हत्या का पुलिस ने किया राजफास
महिला के घर के ही एक लड़की से आरोपी का चल रहा था प्रेम प्रसंग
UP TIMES NEWS- विगत दिनों पैलानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत घर के बाहर सोते समय डंडे से की गई महिला की हत्या का राजफास करते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी गांव का ही निकला। जिसमें प्रेमिका की मौत का बदला लेने के लिए महिला को मौत के घाट उतार दिया था।
पैलानी थाना क्षेत्र के सिंधन कला गांव निवासी 85वर्षीय रामा पत्नी गया प्रसाद कुशवाहा सोमवार की रात घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रही थी। उसका पति नजदीक स्थित कमरे में सो रहा था। तभी किसी ने रामा के सिर पर वार कर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के खुलासे को लेकर एसपी पलाश बंसल ने कई टीमे लगाई थी। खुलासा करते हुए पुलिस ने संजय कुशवाहा निवासी सिंधन कला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से आलाकत्ल डंडा को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। अपने जुर्म का इकबाल करते हुए आरोपी संजय ने बताया कि महिला के ही घर की एक लड़की से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। प्रेमिका के मरने के बाद वह बहुत परेशान था। इसी खुन्नस के चलते उसने महिला की हत्या कर दी है। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पकड़ने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार वर्मा मय टीम के शामिल रहे।